मेवाड़ टांक समाज का परिचय सम्मेलन संपन्न: 125 युवक-युवतियों ने दिया परिचय, मेधावी छात्र भी सम्मानित

उदयपुर/फतेहनगर (हलचल)। अखिल भारतीय मेवाड़ टांक समाज द्वारा रविवार को फतेहनगर स्थित निकुंज वाटिका में एक दिवसीय नव युवक-युवती परिचय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक साझा मंच प्रदान करना था ताकि वे अपने मनपसंद जीवनसाथी का चयन कर सकें।
सम्मेलन में मेवाड़ क्षेत्र के प्रबुद्धजन, बड़ी संख्या में मातृशक्ति और युवा शामिल हुए। इस दौरान कुल 125 युवक-युवतियों के नामांकन प्राप्त हुए, जिन्होंने मंच पर अपना परिचय दिया। परिचय के साथ-साथ उनके परिजनों ने भी आपस में संवाद कर पारिवारिक पृष्ठभूमि साझा की।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
परिचय सम्मेलन के साथ ही समाज के उन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए। इन बच्चों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किए गए। यह पुरस्कार भेरूलाल टांक (छोटीसादड़ी) और चेतन (बंटी) टांक (देवाली, उदयपुर) के सौजन्य से प्रदान किए गए।
इन्होंने संभाली जिम्मेदारी
मंच संचालन रोशन लाल टांक (बड़गांव) और सुरेश टांक (घासा) द्वारा किया गया। आयोजन के मीडिया कवरेज की जिम्मेदारी देवेंद्र कुमार टांक (केसुली) ने निभाई। समाज के वरिष्ठ जनों ने इस पहल को समाज हित में मील का पत्थर बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की।
सफल आयोजन के सूत्रधार
कार्यक्रम को सफल बनाने में लक्ष्मी लाल टांक (सनवाड़), मुकेश टांक (फतेहनगर), नाथूलाल टांक (भोपाल सागर), दशरथ टांक, नंदकिशोर टांक (हीरावास), चांदमल टांक, सुरेश टांक, दिनेश चंद्र टांक, प्रकाश टांक (बनेडिया), देवीलाल टांक (बबराणा), दिलीप कुमार टांक व रतन लाल टांक (वकील साहब, कपासन) सहित समस्त मेवाड़ टांक समाज के प्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा।
