श्री सेवा संस्थान की बैठक संपन्न, युवाओं से सेवा कार्यों से जुड़ने का आह्वान

निंबाहेड़ा। क्षेत्र की प्रमुख समाज सेवा संस्था श्री सेवा संस्थान की कोर कमेटी की बैठक संस्थान अध्यक्ष एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संस्थान द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की समीक्षा की गई और भविष्य में गतिविधियों के विस्तार तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि श्री सेवा संस्थान पिछले दो दशकों से चिकित्सा सहित जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान समय समय पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर, स्वास्थ्य जांच, रक्तदान कार्यक्रम, जरूरतमंद मरीजों को उपचार सहयोग और निर्धन परिवारों की सहायता जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्य करता आ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि जिला चिकित्सालय निंबाहेड़ा में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए श्री सेवा संस्थान द्वारा वर्षों से निःशुल्क भोजन प्रकल्प संचालित किया जा रहा है, जिससे दूर दराज से आने वाले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल रही है। इसे सेवा और संवेदना का सजीव उदाहरण बताया गया।
कृपलानी ने कहा कि सेवा कार्य केवल आयोजनों तक सीमित नहीं होने चाहिए बल्कि उन्हें निरंतर और व्यवस्थित रूप से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही संस्थान का उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी तथा व्यापक बनाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में अध्यक्ष ने उपस्थित पदाधिकारियों, सदस्यों और युवाओं को समाज सेवा को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से करने की शपथ दिलाई।
बैठक में पूर्व विधायक एवं संस्थान सचिव अशोक नवलखा, कोषाध्यक्ष बालमुकुंद राठी सहित संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनके साथ सुशील नागोरी, प्रकाश चेलावत, वीरेश चपलोत, राधाकृष्ण गदिया, नितिन चतुर्वेदी, कपिल चौधरी, अरविंद मूंदड़ा, अरविंद खंडेलवाल, अशोक जाट, अजय मंगनानी, रवि मोदी, दशरथ वासु, देवकरण समदानी, गजेन्द्र नवलखा, विशाल सोनी, नवीन खंडेलवाल, गोपाल पंचोली, विमल कोठारी, लक्ष्मण भांभी, मनोज शर्मा, प्रदीप मोदी, प्रमोद तिवारी, उमेश तोतला, श्यामसुंदर मूंदड़ा, समाजसेवी कमलेश बुनकर, शैलेश अहीर, पुष्कर सोनी, मुकेश बम, रत्नेश छाजेड, शिल्पा बोड़ाना सहित अनेक पदाधिकारी, सदस्य और युवा मौजूद रहे।
