सुप्रीम कोर्ट से एसआई भर्ती अभ्यर्थियों को बड़ी राहत: 3 दिन बाद होने वाली परीक्षा में होंगे शामिल, लेकिन परिणाम रहेगा सीलबंद


नई दिल्ली/जयपुर | एसआई भर्ती-2025 में आयु सीमा में छूट की मांग कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर आई है। सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम अंतरिम आदेश जारी करते हुए सब इंस्पेक्टर भर्ती-2021 के उन सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी है जो आयु सीमा के चलते बाहर हो रहे थे। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने यह आदेश सूरजमल मीणा व अन्य की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया।

प्रोविजनल तौर पर मिलेगी एंट्री

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि इन अभ्यर्थियों की परीक्षा में भागीदारी पूरी तरह से अस्थायी (प्रोविजनल) होगी। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि इन अभ्यर्थियों का परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया जाएगा और उसे सीलबंद लिफाफे में सुरक्षित रखा जाएगा। यह राहत केवल उन्हीं अभ्यर्थियों तक सीमित नहीं है जिन्होंने याचिका लगाई है, बल्कि उन्हीं के समान स्थिति वाले अन्य अभ्यर्थी भी इसका लाभ ले सकेंगे।

परीक्षा टालने से कोर्ट का इनकार

याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता पीबी सुरेश और अधिवक्ता हरेन्द्र नील ने कोर्ट से मांग की थी कि 5 और 6 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित एसआई/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा को कम से कम 4 सप्ताह के लिए स्थगित किया जाए। उन्होंने दलील दी कि हाईकोर्ट को 31 मार्च तक आयु सीमा पर फैसला सुनाना था, जो अभी तक नहीं आया है। ऐसे में परीक्षा होने से अभ्यर्थियों के अधिकार खत्म हो जाएंगे।

सरकार ने दी यह दलील

राजस्थान सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता शिव मंगल शर्मा ने परीक्षा स्थगित करने का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कोर्ट को बताया कि परीक्षा की सभी प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। हजारों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, ऐसे में ऐन वक्त पर परीक्षा टालने से भारी अव्यवस्था फैलेगी। सरकार के तर्कों को स्वीकार करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा स्थगित करने से तो इनकार कर दिया, लेकिन अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने का अवसर प्रदान किया।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा

फोन: 7737741455

Next Story