शिव महापुराण कथा से पहले मेडिसिटी ग्राउण्ड की सफाई के लिए सैकड़ो श्रद्धालुओं ने किया श्रमदान, विधायक से लेकर आमजन तक बने सहभागी

X

भीलवाड़ा । प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार 8 से 14 अप्रेल तक होने वाली श्री शिव महापुराण कथा आयोजन से पहले कथास्थल आजादनगर मेडिसिटी ग्राउण्ड पर सफाई के कार्य में श्रद्धालु स्वयं जुट गए है। हनुमान जयंति के पावन अवसर पर गुरूवार सुबह 7.15 बजे तक करीब एक घंटे तक सैकड़ो श्रद्धालुओं ने कथा प्रागंण में श्रमदान कर इस आयोजन को सफल व यादगार बनाने के मिशन में आहुति दी। कथा के सूत्रधार संकटमोचन हनुमान मंदिर के महन्त बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में श्रमदान करने वालों में श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी से लेकर आम श्रद्धालु तक उत्साह से शामिल थे। श्रद्धालु तय समय से पूर्व ही मेडिसिटी ग्राउण्ड पर जमा होने लगे। विधायक कोठारी एवं कार्याध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में बालाजी महाराज के जयकारों की गूंज के बीच भक्तगण अपने हाथों से मैदान में बिखरे पत्थर को उठा व कचरे को साफ कर एक जगह एकत्रित करने में जुट गए। ‘कुबेर भण्डारी’ पंडित प्रदीप मिश्रा के भव्य स्वागत अभिनंदन की भावना के साथ कार्यकर्ता उत्साह से इस कार्य में लगे रहे। श्रमदान में बुर्जुगों से लेकर मातृशक्ति तक ने भी जोश खरोश के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई।

महन्त बाबूगिरीजी महाराज ने श्रमदान के माध्यम से कथा आयोजन को सफल बनाने के लिए पसीना बहाने वाले सभी कार्यकर्ताओं के प्रति मंगलभावनाएं व्यक्त की। श्रमदान करने वालों में कथा आयोजन समिति के सुनील जागेटिया, सत्येन्द्र बिरला, गजानंद बजाज, पीयूष डाड, कन्हैयालाल स्वर्णकार, ललित सोमानी, बद्रीलाल सोमानी, रामेश्वरलाल ईनाणी, राजेश कुदाल,दिनेश राठी,मंजू पोखरना, अलका जोशी आदि भी शामिल थे। कार्यकारी अध्यक्ष सोमानी ने बताया कि अगले दो-तीन दिन तक प्रतिदिन सुबह 7.15 से 8.15 बजे तक कार्यकर्ता व श्रद्धालु कथा प्रांगण की सफाई व स्वच्छता के लिए श्रमदान करेंगे। मेडिसिटी ग्राउण्ड पर वाटरप्रूफ विशाल डोम व पांडाल निर्माण कार्य निरन्तर जारी है। कथा स्थल पर लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना के दृष्टिगत साढ़े ग्यारह लाख वर्ग फीट में फैले ग्राउण्ड में से करीब साढ़े चार लाख वर्ग फीट भूमि पर तीन विशालकाय वाटरप्रूफ डोम एवं पाइप पांडाल का निर्माण कार्य हो रहा है।

शहर में जगह-जगह लगाए होर्डिंग बैनर

श्री शिव महापुराण कथा को लेकर भीलवाड़ा में उत्साह का माहौल है। आम श्रद्धालु भी इस महाकथा आयोजन में अपना सहयोग ओर सेवाएं देने के लिए आतुर है। कथा आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए भीलवाड़ा में प्रमुख चौराहों ओर मार्गो पर होर्डिंग बैनर लगाए गए है। विभिन्न मंदिरों व धर्मस्थलों के बाहर भी कथा आयोजन की जानकारी देने वाले बैनर व बोर्ड लगाए गए है। कई श्रद्धालु अपने वाहनों पर भी कथा के बैनर लगा रहे है। हर समाज ओर वर्ग के लोग इस आयोजन को एतिहासिक बनाने के लिए सहयोग सहयोग करने आगे आ रहे है।

Tags

Next Story