हिंदुस्तान जिंक की पहल: आनंदीपुरा स्कूल को मिले दो नए कक्षा कक्ष, शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मिली मजबूती

भीलवाड़ा । हिंदुस्तान जिंक द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कोटड़ी पंचायत के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, आनंदीपुरा में नवनिर्मित दो नए कक्षा कक्षों का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
इन कक्षाओं का उद्घाटन रामपुरा अगूचा क्लस्टर के आईबीयू सीईओ राम मुआरी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुआरी ने शिक्षा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बेहतर वातावरण से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य निर्मित होता है। कार्यक्रम में अगूचा खान मजदूर संघ के महामंत्री एम. के. सोनी व अध्यक्ष मुकेश चंद्र सोमानी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी अजय शर्मा, हेड सीएसआर भुवनेश शर्मा, प्रशासक हगामी लाल गुर्जर एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य उमराव सिंह चोरड़िया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में 100 से अधिक ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूल प्रबंधन ने हिंदुस्तान जिंक के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इन नए कक्षों से विद्यार्थियों को बैठने और पढ़ने में काफी सुगमता होगी।
