ग्रीनवैली स्कूल में गरिमामयी ग्रेजुएशन समारोह का आयोजन

भीलवाड़ा। ग्रीनवैली स्कूल में आयोजित ग्रेजुएशन समारोह उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें प्रेप से कक्षा प्रथम तथा कक्षा पाँचवीं से छठी में पदोन्नत होने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने उपस्थित सभी अभिभावकों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी पूरे उत्साह के साथ बच्चों का हौसला बढ़ाया।
समारोह के दौरान अभिभावकों के लिए एक मनोरंजक क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कार्यक्रम का आनंद दोगुना कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. दिव्यजोत भाटिया ने कहा कि ग्रेजुएशन विद्यार्थियों के जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो उन्हें नई जिम्मेदारियों और अवसरों की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय परिवार सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है और भविष्य में भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा।
उन्होंने सभी अभिभावकों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि विद्यालय का बहुप्रतीक्षित वार्षिक समारोह “गैलेक्सी 2026” आगामी मई माह के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। यह भव्य आयोजन विद्यालय के 30 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें विद्यार्थी अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
