सामूहिक विवाह में वधुओं को भेंट की जाएगी सोने की नोज पिन

भीलवाड़ा | बसंत विहार गांधीनगर माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा समाज सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम उठाया गया है। मंडल की अध्यक्ष शोभा राठी व सचिव सुनीता लढ़ा के सानिध्य में निंबार्क परमार्थिक सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित होने वाले आगामी सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिए विशेष सहयोग की घोषणा की गई है।
31 वधुओं को मिलेगा सोने का उपहार
महंत मोहन शरण शास्त्री के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में महिला मंडल की ओर से सभी 31 वधुओं को सोने की नोज पिन (नथनी) भेंट स्वरूप दी जाएगी। सचिव सुनीता लढ़ा ने बताया कि यह नेक कार्य मंडल की महिलाओं के आपसी सहयोग और एकत्रित राशि से संभव हुआ है। यह भेंट नवविवाहित जोड़ों के लिए आशीर्वाद और सम्मान का प्रतीक होगी।
आर्थिक संबल और सामाजिक एकता का संदेश
अध्यक्ष शोभा राठी ने अपने संबोधन में कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को संबल प्रदान करना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे मांगलिक अवसर पर समाज की ओर से दी गई छोटी-सी भेंट भी वधुओं के चेहरे पर मुस्कान लाती है और समाज में सकारात्मकता का संचार करती है।
