डांग के हनुमान जी मंदिर में हनुमान जयंती पर भव्य आयोजन

भीलवाड़ा BHN डांग के हनुमान जी (गोडास) मंदिर प्रांगण में आज हनुमान जयंती का पावन पर्व अपार श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में महाराज श्री सरजू दास जी एवं अन्य संतों के पावन सानिध्य में पंडितों द्वारा श्री सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया। इसके साथ ही हनुमान चालीसा का सामूहिक गान और विश्व शांति हेतु यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें आहुतियां देकर सर्वमंगल की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर अभाव अभियोग प्रकोष्ठ (कांग्रेस कमेटी) के जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र पारीक ने बताया कि महाराज श्री एवं उपस्थित भक्तों ने हनुमान जी के चरणों में मत्था टेककर विश्व कल्याण और लोक शांति की कामना की। उन्होंने विशेष रूप से प्रार्थना की कि हनुमान जी देश को वर्तमान समय की प्रमुख चुनौतियों, जैसे महंगाई और बेरोजगारी, से मुक्ति दिलाएं और आमजन के जीवन में समृद्धि लाएं।
आयोजन के दौरान राम भूषण दास , पंडित महावीर प्रसाद शास्त्री, साकेत दास महाराज, वक्ता नेहरू तेली सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और भक्तजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ उठाया और आयोजन को सफल बनाया।
