मांगलियावास में केमिकल टैंकर बना आग का गोला, हाईवे पर मचा हड़कंप

अजमेर | ब्यावर-अजमेर हाईवे पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब केमिकल से भरा एक टैंकर टायर फटने के बाद धू-धू कर जल उठा। हादसा मांगलियावास क्षेत्र में सुबह करीब नौ बजे हुआ। गनीमत रही कि आग की लपटें विकराल होने से पहले ही ड्राइवर और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
टायर फटने से भड़की आग, हाईवे पर लगा लंबा जाम
जानकारी के अनुसार, टैंकर गुजरात से अजमेर की ओर आ रहा था। मांगलियावास के पास अचानक टायर फटने से घर्षण के कारण आग लग गई और देखते ही देखते टैंकर आग के गोले में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही मांगलियावास पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से एक लेन का यातायात पूरी तरह रोक दिया।
* दमकल की कार्रवाई: आग बुझाने के लिए एक के बाद एक 5 दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। केमिकल होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
* यातायात प्रभावित: हादसे के कारण हाईवे के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए रूट डायवर्ट किया है।
लापरवाही: सुलगते टैंकर के पास से गुजर रहे वाहन चालक
पुलिस की सख्त चेतावनी और घेराबंदी के बावजूद कई दुपहिया वाहन चालक अपनी जान जोखिम में डालकर जलते हुए टैंकर के पास से निकलते दिखाई दिए। पुलिस कर्मियों द्वारा बार-बार समझाइश और सख्ती के बाद भी लोगों की यह लापरवाही किसी बड़े खतरे को दावत दे सकती थी। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: [email protected], व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा | फोन: 7737741455
